वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर उनकी वीरता और बलिदान गाथा को जन-जन तक पहुंचाने 22 जून को प्रदेश के 5 अलग अलग स्थानों से निकली गौरव यात्रा
सिवनी ( हिन्द शिला):-24 जून को वीरांगना रानी दुर्गावती का बलिदान दिवस मनाया जाता है। रानी दुर्गावती की वीरता और बलिदान गाथा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा 22 जून को बालाघाट से रानी दुर्गावती बलिदान दिवस गौरव यात्रा का शुभारंभ किया। यह यात्रा रानी दुर्गावती के जीवन से जुड़े सभी प्रमुख स्थानों से होकर गुजरेगी। गौरव यात्रा का समापन 27 जून 2023 को शहडोल में होगा। समापन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी शामिल होंगे।
22 जून को प्रदेश के 5 अलग-अलग स्थान बालाघाट, छिंदवाड़ा, सिंगरामपुर (दमोह), कलिंजर और धौहनी (सीधी) से वीरांगना रानी दुर्गावती गौरव यात्रा प्रारंभ होंगी, जो अपने-अपने निर्धारित रूट से होती हुई 26 जून को शहडोल पहुंचेगी।
गौरव यात्रा के रूट क्रमांक-2 के अनुसार 22 जून 2023 को बैतूल सांसद एवं यात्रा प्रभारी श्री दुर्गादास उईके के नेतृत्व में छिंदवाड़ा जिले से गौरव यात्रा का शुभारंभ हुआ, जो निर्धारित रूट मार्ग से सिवनी जिले की प्रवेश सीमा स्थित ग्राम कोहका पीपरडाही पहुंची जहां जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण भलावी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा गौरव यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मेघा शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके इसके पश्चात गौरव यात्रा ग्राम फुलारा, करीरात, लखनवाड़ा होते हुए जिला मुख्यालय स्थित रानी दुर्गावती चौक पहुंची जहां जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण भलावी भाजपा जिला अध्यक्ष श्री आलोक दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं आम जनों द्वारा गौरव यात्रा का भव्य स्वागत किया गया एवं यात्रा प्रभारी एवं सांसद बैतूल श्री उइके द्वारा रानी दुर्गावती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर माल्यार्पण किया गया तथा रानी दुर्गावती की गौरव गाथा का वर्णन कर उन्हें याद किया गया। जनजातीय कन्या आश्रम की छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गई।तत्पश्चात गौरव यात्रा ग्राम लूघरवाड़ा से होती हुई बींझावाड़ा छात्रावास भवन में रात्रि विश्राम करने हेतु पहुंची।
गौरव यात्रा 23 जून को प्रातः 8 सिवनी से पुनः प्रारंभ होकर ग्राम भोमा, कान्हीवाडा, छुई, पलारी, साजपानी, धनौरा, कहानी, घंसौर, केवलारी, पहाड़ी, कुडोपार, मोहगांव, मानेगांव, पिपरिया, भिलाई, सालीवाडा, कटिया से ग्राम रजरवाड़ा होती हुई मंडला पहुंचेगी एवं रात्रि विश्राम करेगी। 24 जून को मंडला निवास से यात्रा प्रारंभ होकर शहपुरा पहुंच रात्रि विश्राम करेगी। 25 जून को यात्रा उमरिया से पाली (मानपुर) पहुंच रात्रि विश्राम कर 26 जून को शहडोल पहुंचेगी तथा 27 जून को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में शहडोल में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में रानी दुर्गावती को श्रध्दांजलि अर्पित यात्रा का समापन होगा।



