तीन दिवस में होना था एफ आई आर दर्ज, तीन माह से भी अधिक गए बीत !
गरीबों के हक में डाला है डाका, भाजपा नेताओं से है मधुर संबंध
केवलारी (हिन्द शिला) । अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) केवलारी आशीष (IAS) द्वारा दिनांक 24/04/2024 को आदेश ज़ारी कर शासकीय उचित मूल्य दुकान खैररंजी के विक्रता जगन्नाथ वासुदेव पर एफ आई आर दर्ज़ करने एवं वसूली के निर्देश कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी केवलारी को ज़ारी किए जा चुके हैं । किंतु दो माह बीत जाने के उपरांत भी उक्त मामले में उक्त विक्रेता के खिलाफ न ही एफआईआर दर्ज हुई है और प्राप्त जानकारी अनुसार न ही उन्हे उक्त उचित मूल्य दुकान से हटाया गया है। कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी प्रतीक तिवारी के अनुसार वह बार बार थाना प्रभारी के समक्ष प्रस्तुत हों कर उक्त व्यक्ती के खिलाफ़ एफ आई आर दर्ज करने के लिए गुहार लगा चुके हैं किन्तु केवलारी थाना प्रभारी द्वारा नियमों का हवाला देकर, उक्त मामले में एफ आई आर दर्ज नही की जा रही है। आपको बता दें कि शासकीय उचित मूल्य दुकान खैररंजी दुकान कोड क्रमांक 3703005 का संचालन सेवा सहकारी समिति सुनेहरा के द्वारा किया जा रहा है जिसके विक्रेता जगन्नाथ वासुदेव है एवं उचित मूल्य दुकान में कार्डधारियों की सख्या 320 है। उक्त शासकीय उचित मूल्य दुकान के हितग्राहियों के द्वारा बताया गया कि शास. उचित मूल्य दुकान को महीने में केवल 03 दिवस ही खोला जाता है, जिससे सभी को राशन प्राप्त नहीं हो पाता है एवं हितग्राहियों के द्वारा बताया गया कि उचित मूल्य दुकान का सचालन विक्रेता जगन्नाथ वासूदेव के पुत्र अकुश वासुदेव द्वारा संचालित किया जाता हैं। जिनके द्वारा हितग्राहियों से अनैतिक व्यवहार किया जाता है ।
ग्रामीणों द्वारा की गई थी शिक़ायत,सहकारी समिति के प्रबंधक ने नहीं की कार्यवाही ।
हितग्राहियों के द्वारा बताया गया कि उक्त विक्रेता कि शिकायत समस्त ग्रामवासियों के एवं हितग्राहियों द्वारा सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक को की गई थी परंतु प्रबंधक के द्वारा विक्रेता के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की गयी। इसके उपरांत ग्रामीणों द्वारा केवलारी SDM महोदय से लिखित शिकायत दर्ज़ कराई गई जहां केवलारी एसडीएम द्वारा तत्परता दिखाते हुए जांच के आदेश दिए गए जिसमें दुकान में रखी सामग्री कि भौतिक स्टाक कि जांच की गयी जिसमें चावल 1 बोरी (50 किलोग्राम) गेंहू एक बोरी (50 किलाग्राम) नमक 0, शक्कर 0, उचित मूल्य दुकान में रखा होना पाया गया।
पीओएस माशीन और भौतिक स्टॉक मे नहीं मिली समानता !
प्राप्त जानकारी अनुसार निरीक्षण समय पीओएस मशीन में दर्ज स्टाक कि जानकारी ऑनलाइन प्राप्त की गई जिसमें चांवल 33176.77 किलोग्राम, गेहूं 8698.02 किलोग्राम, नमक 2655 किलोग्राम, शक्कर 23 किलोग्राम दर्ज होना पाया गया है। शासकीय उचित मूल्य दुकान खैररांजी मे माह मार्च का प्राप्त एवं निरीक्षण दिनाक 22/03/2024 तक दुकान को प्राप्त, वितरित एवं शेष खाद्यान्न की जानकारी आनलाइन प्राप्त की गयी जो भौतिक रूप से कम प्राप्त हुई। गेहूं 86 क्विटल 97 किलो, चांवल 331 क्विंटल 76 किलो, नमक 26 क्विटल 50 किलो एवं शक्कर 23 किलो दुकान के स्टाक में व पीओएस मशीन की तुलना में भौतिक रूप से कम प्राप्त हुआ है । जिससे यह प्राणित होता है कि विक्रेता के द्वारा उक्त खाद्यान्न कि कालाबाजारी की गयी है जो विक्रेता से वसूली योग्य है।
विक्रेता की लापरवाही के कारण सभी हितग्राहियों को नहीं हो रहा था राशन प्राप्त !
माह फरवरी 2024 में विक्रेता के द्वारा केवल 6 दिवस ही खाद्यान्न का वितरण किया गया था जिसमें 325 हितग्राहियों के विरूद्ध में 284 हितग्राहियों को ही खाद्यान्न प्राप्त हो पाया था एवं शेष हितग्राहियों को विक्रेता की लापरवाही के कारण राशन प्राप्त करने से वंचित होना पडा है।
है दण्डनीय अपराध ।
विक्रेता द्वारा की गयी उपरोक्त अनियमितता मध्यप्रदेश सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2015 की कंडिका 11 (1), 12 (2), 15 (5) एवं 18 तथा प्राधिकार पत्र की शर्त क्रमांक 10,15,19 एवं 28 का स्पष्ट उल्लंघन किया गया जो मध्यप्रदेश सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2015 की कंडिका 16 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत दण्डनीय अपराध है।
न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) केवलारी के आदेशों की उड़ाई जा रही धज्जियां
न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) केवलारी द्वारा प्रतिक तिवारी कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी केवलारी, जिला-सिवनी को दिनांक 21/04/2024 पत्र जारी कर आदेश दिया गया है की केवलारी विकासखंड अंतर्गत संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान खैररांजी, कोड क्र.-3703005 का दिनांक 21/03/2024 को आकस्मिक निरीक्षण कर जांच प्रतिवेदन मय पंचनामा प्रस्तुत किया गया है, जिसमें विक्रेता जग्गन नाथ वासुदेव के द्वारा लापरवाही, अनियमितता करने का उल्लेख किया गया है । संबंधित विक्रेता के द्वारा प्रस्तुत जवाब एवं आपके द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के आधार पर उपरोक्त शासकीय उचित मूल्य दुकान खैररांजी के संबंधित विक्रेता के विरूद्ध सुसंगत धाराओं के तहत संबंधित पुलिस थाना में प्राथमिक दर्ज करवाकर वैधानिक कार्यवाही कर अग्रिम कार्यवाही हेतु प्रतिवेदन स्पष्ट अभिमत सहित 03 दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से समक्ष में प्रस्तुत करें। किन्तु दो माह बीत जाने के उपरांत भी कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी केवलारी द्वारा उक्त विक्रेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई और ना ही अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) केवलारी को इस संबंध में अवगत कराया है ! जबकि जारी आदेश में स्पष्ट तीन दिवस में अग्रिम कार्यवाही हेतु प्रतिवेदन स्पष्ट अभिमत सहित प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे ।
ज़िला कलेक्टर महोदया के समक्ष दर्ज हुई शिकायत
उक्त मामले को ठंडेवस्था में पड़ता देख हमारे अखबार के संपादक संजीत सिंह बघेल जी द्वारा जिले की संवदेनशील ज़िला कलेक्टर महोदया को दिनांक 02/07/2024 को लिखित में आवेदन कर संपूर्ण मामले से अवगत कराया गया । शिक़ायत मिलने के उपरांत सिवनी ज़िला कलेक्टर महोदया सुश्री संस्कृति जैन जी द्वारा संबंधित खाद्यान विभाग के अधिकारी को तलब कर निर्देश दिया गया था कि उक्त संबंध में एक दिवस के अंदर उचित मूल दुकान की विक्रेता जगन्नाथ वासुदेव पर एफ आई आर दर्ज करवरकर उन्हें तत्काल प्रभाव से हटाने का निर्देश दिया गया था किन्तु उनके निर्देशों को हवा में उड़ाते हुए
10 दिन बीत जाने की उपरांत भी, इसकी क्या वजह है कि या किसका संरक्षण है कि उक्त व्यक्ति के खिलाफ ना ही एफ आई आर दर्ज कराई गई है, और नहीं उन्हें उक्त शासकीय उचित मूल्य की दुकान से हटाया गया है ।
केवलारी पुलिस पर मामला दबाने का लग रहा आरोप !
जहां एक तरफ बगैर हेलमेट के दो पहिया चालकों या नो पार्किंग में वाहन खड़े करने पर त्वरित चालान करने वाली केवलारी पुलिस पर आखिर किसका दबाव है कि वह गरीबों के हक पर डाका डालने वाले व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने में तमाम नियमों कानून का हवाला देकर एफ आई आर दर्ज करने से परहेज कर रहे हैं । इन परिस्थितियों में अंदाजा लगाया जा सकता है की उक्त शासकीय उचित मूल्य दुकान के विक्रेता जगन्नाथ वासुदेव एवं केवलारी थाना प्रभारी के बीच का अवश्य ही कोई राज है जिसकी वजह से वरिष्ट अधिकारियो के निर्देश उपरांत भी एफ आई आर दर्ज करने में देरी की जा रही है
इनका कहना है
मै दो दिनों से बाहर था, आज मै कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी का इंतजार कर रहा हूं, क्योंकि फरियादी वही बनेंगे, वह 12 बजे रात में भी आयेगे तो एफ आई आर दर्ज की जाएगी।
चैनसिंह उईके,केवलारी थाना प्रभारी ।
मै दो – तीन दिन लगातार गया, थाना प्रभारी महोदय व्यस्त चल रहे थे, अभी मामला दर्ज नहीं किया गया है, मैने एस. आई. रघुवंशी जी से निवेदन किया है की थाना प्रभारी महोदय आ जाए तो मुझे दूरभाष के माध्यम से जानकारी दे दे, किन्तु अभी तक मेरे पास कोई फोन नहीं आया है, इसी वजह से आज मै थाना केवलारी नहीं गया हुं।
प्रतीक तिवारी ,कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी, केवलारी ।





