एक माह बीतने की उपरांत भी नहीं हुए जांच के आदेश, उच्च अधिकारियों से मिलीभगत की आशंका !
समय देकर आरोपियों को रिकॉर्ड सुधारने का दिया जा रहा है मौका ?
केवलारी जनपद सीईओ ओमकार ठाकुर द्वारा फ़रवरी 2024 में 12 एकड़ भूमि का किया गया है क्रय !
जनपद अध्यक्ष ने लिखा पत्र तो, जनपद सदस्यों ने साधी चुप्पी !
केवलारी । मामला सिवनी जिले के अंतर्गत आने वाली जनपद पंचायत केवलारी का है जहां पर अखबर के संपादक पत्रकार संजीत सिंह बघेल जी द्वारा विगत लगभग एक माह पूर्व सिवनी जिला कलेक्टर को मय प्रमाण लिखित शिकायत दर्ज कर कराई गई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि कार्यालय जनपद पंचायत केवलारी में तत्कालीन मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत केवलारी एवं लेखापाल अधिकारी की मिलीभगत से 1,15,80,824/ रुपयों से भी अधिक के फर्जी भुगतान हुआ हैं किंतु इसकी क्या वजह है कि एक माह बीत जाने के उपरांत भी जिला पंचायत सीईओ विजय नवजीवन पावर द्वारा उक्त शिकायत को संज्ञान में लेकर जांच के आदेश तक नहीं दिए गए हैं । जब इस संबंध में हमारे अख़बार के संपादक द्वारा जिला पंचायत सीईओ से दूरभाष पर संपर्क करने की कोशिश की गई तो उनके द्वारा फोन नहीं उठाया गया ना ही मैसेज का कोई जवाब दिया गया जिसमें उनकी कार्यप्रणाली पर प्रश्न चिन्ह उठने लगे हैं, जबकि जिले के संवेदनशील जिला कलेक्टर द्वारा मामले को टी एल में लेकर उक्त शिकायत में जांच कर उचित कार्यवाही के निर्देश ज़ारी किए जा चुके हैं। आपको बता दें कि पत्रकार संजीत सिंह बघेल जी द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर, दावा किया गया था कि, कार्यालय जनपद पंचायत केवलारी में 1,15,80,824/(एक करोड़ पंद्रह लाख अस्सी हजार आठ सौ चौबीस) रुपयों का संदिग्ध भुगतान हुआ है । ज़ारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कार्यालय जनपद पंचायत केवलारी द्वारा तत्कालीन मुख्यकार्यपालन अधिकारियो एवं सहायक लेखापाल की मिली भगत से षडयंत्र पूर्वक फर्जी निजी संस्थानो का कागजों में निर्माण कर उन्हें बड़ी मात्रा में राशि का भुगतान किया गया है ! यहां तक की अन्य जिलों में स्थित निजी संस्थानो को भी लगातार भुगतान हुआ है । एक ही बिल क्रमांक में एक से अधिक बार राशि बदल बदल कर भुगतान किया गया है।
फर्जी निजी संस्थानो/व्यापारियों का निर्माण कर हुआ भुगतान !
कार्यालय जनपद पंचायत के केवलारी द्वारा ऐसे अनेक निजी संस्थानो /व्यापारियों को फोटो कॉपी, चायनाश्ता एवं अन्य कार्यालीन व्यय के नाम पर अत्यधिक राशि का भुगतान किया गया है जो जमीनी हकीकत में नहीं केवल कागजों में संचालित है !
एक ही बिल क्रमांक पर एक से अधिक बार हुआ भूगतान!
कार्यालय जनपद पंचायत केवलारी द्वारा अनेक निजी संस्थानो/व्यापारियों को एक ही बिल क्रमांक का उपयोग कर एक से अधिक बार दिनांक एवं राशि बदलकर बदलकर भुगतान किया गया है जो की स्पष्ट भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की ओर इशारा करता है ।
शासकीय सेवक के निजी खाते में राशि का हुआ भुगतान!
कार्यालय जनपद पंचायत केवलारी द्वरा सौरभ कुशरे जो की वर्तमान में कार्यालय जनपद पंचायत केवलारी में सहायक ग्रेड 03 में पदस्थ है एवं प्रभारी सहायक लेखापाल अधिकारी का प्रभार संभाल रहे हैं, उनके नाम से अलग-अलग दिनांक में अलग-अलग अनेको बार बड़ी राशियों का भुगतान हुआ है । जो की नियम विरुद्ध एवं वित्तीय अनिमित्ता के दायरे में आता है ।
आज भी ज़ारी है फर्जी भुगतान का सिलसिला ?
मय प्रमाण लिखित शिक़ायत के बावजूद उच्च अधिकारियों द्वारा मामले को संज्ञान में नहीं लिया, ना ही आज दिनांक तक जांच के आदेश दिए गए और न ही भ्रष्टाचार के आरोपियों को प्रभार से हटाया गया है जिससे उनके हौसले बुलंद हैं और वह प्राप्त जानकारी अनुसार आज भी ज़िम्मेदार उच्च अधिकारियों के संरक्षण में बेखौफ होकर धड़ल्ले से फर्जी भुगतान कर शासकीय राशि का आपस में बंदरबांट करने में ज़रा संकोच नहीं कर रहें है।
दो-दो जनपद में प्रभार के बावजूद प्रति माह 30 हज़ार रुपए डीजल में हुआ है व्यय !
केवलारी जनपद सीईओ ओमकार ठाकुर जनपद पंचायत केवलारी एवं जनपद पंचायत धनोरा में दो-दो जनपद पंचायत सीईओ का प्रभार संभाल रहे, इसके बावजूद भी जनपद पंचायत केवलारी में उपयोग होने वाले वाहन का 20 माह में लगभग छः लाख़ रूपए उस हिसाब से प्रति माह 30 हज़ार रुपए डीजल का भुगतान हुआ है ! आपको बता दें कि महीने में कार्य दिवस 22 से 24 दिन होते हैं जिसमें से जनपद सीईओ का ओमकार ठाकुर को आधा समय धनोरा एवं आधा समय केवलारी में देना पड़ता है और इसी समय में प्रत्येक सप्ताह सिवनी मुख्यालय भी पहुंचना अनिवार्य होता है, तो इस हिसाब से केवलारी जनपद सीईओ अपने कार्यालय में प्रति माह अनुमानित 12 से 14 दिन कार्य करते होंगे, जिसमें कार्यालीन कार्य भी अधिक होते हैं, इसके बावजूद भी भ्रमण /निरिक्षण के नाम पर कार्यालय जनपद पंचायत केवलारी द्वारा प्रति माह 30 हज़ार रुपए डीजल का भुगतान हुआ है जो कि संदेहप्द हैं।
जनपद अध्यक्ष ने लिखा पत्र तो, जनपद सदस्यों ने साधी चुप्पी !
जनपद पंचायत केवलारी में हुए भ्रष्टाचार को लेकर जनपद अध्यक्ष ठाकुर रणजीत सिंह द्वारा ज़िला कलेक्टर को पत्र लिखकर जांच की मांग तो की गई है किंतु जनपद पंचायत केवलारी क्षेत्र से निर्वाचित हुए पक्ष एवं विपक्ष दोनो के जनपद सदस्यों ने इस मामले में चुप्पी साध रखी है प्रतीत होता है इस भ्रष्टाचार में हिस्सा उनका भी तय था ? तभी तो अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए सत्ताधारी पार्टी या विपक्ष के जनपद सदस्य इस भ्रष्टाचार के खिलाफ मुखर नजर नहीं आ रहे, बल्कि उल्टा मोन सहमति देकर भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देते नजर आ रहे हैं ।
इनका कहना है
शिकायत की जांच जिला पंचायत से करवाई जा रही है ।
क्षितिज सिंगल जी, जिला कलेक्टर सिवनी
मेरी शिकायत उच्च अधिकारियों द्वारा गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है, लगभग एक माह बीतने के उपरांत भी न हीं जांच दल का गठन हुआ है और ना ही जांच के आदेश ! उच्च अधिकारियों की लाचार कार्यप्रणाली से प्रतीत होता है कि समय देकर आरोपियों को रिकार्ड सुधारने का मौका दिया जा रहा है ।
संजीत सिंह बघेल शिकायतकर्ता ।





