एक पंचवर्षीय से भी अधिक समय से सिवनी पर है पदस्थ !
बस संचालकों से मधुर संबंध के चलते, आम जनता से हो रही खुली लूट ?
दो लोकसभा क्षेत्र का निष्पक्ष चुनाव हो सकता है प्रभावित !
सिवनी (हिन्द शिला)। मामला मध्य प्रदेश के सिवनी जिला का है, जहां पर देवेश बाथम अतिरिक्त परिवहन अधिकारी ज़िला सिवनी के पद पर विगत 5 वर्ष से भी अधिक समय से संभाल रहे हैं, और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा इनका तबादला किसी अन्य स्थान पर नहीं किया जाता ! आपको बता दें कि लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ रहने के चलते अतिरिक्त परिवहन अधिकारी देवेश बाथम का क्षेत्रीय बस संचालकों से मधुर संबंध एवं अच्छे तालमेल की जनचर्चा आम है, जिसके परिणाम स्वरुप क्षेत्र से प्रकाशित अखबारों में आए दिन आमजन से कुछ बस संचालकों द्वारा की जा रही लूट की खबरों को प्रमुखता से प्रकाशित किया जाता है, किंतु जिम्मेदारो द्वारा इनके खिलाफ़ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती। बताया जाता है कि देवेश बाथम के अतिरिक्त परिवहन अधिकारी के पद पर पदस्थ रहते हुए जिला परिवहन कार्यालय सिवनी में वाहनों के पंजीयन , ड्राइविंग लाइसेंस इत्यादि अनेक कार्यों में खुली रिश्वत की मांग की जाती है । आपको बता दें कि आने वाले कुछ हफ्तों के बाद देश में लोकसभा का चुनाव का आगाज़ होना है, यदि इस चुनाव में भी अतिरिक्त परिवहन अधिकारी ज़िला सिवनी के रुप में देवेश बाथम ही पदस्थ रहते हैं तो सिवनी- बालाघाट एवं सिवनी- मंडला लोकसभा के निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया में प्रभाव पड़ सकता है ! अब देखना होगा कि मामला सार्वजानिक होने के बाद जिम्मेदारों की कुंभकरणी नींद पर खलल पड़ता है और वह अपने कर्तव्यों का पालन कर, जनहित में फैसला लेते हैं या स्वयं के हित में यह तो समय की गर्त में छिपा है ।


