शिकायत के बावजूद भी नहीं हो रही कार्यवाही, एक वर्ष पूर्व ही अधूरे मकानों को पूर्ण दिखाकर, हितग्राहियों को हुआ है फर्जी भुगतान !
केवलारी (हिन्द शिला)। प्रधानमंत्री आवास योजना हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की एक ऐसी परिकल्पना है, जिसमें देश के प्रत्येक शोषित, पीड़ित, वंचित हर वर्ग का व्यक्ति गर्व से पक्की छत के नीचे अपना जीवन यापन कर सके, उसे किसी भी परिस्थिति में किसी अन्य पर आश्रित ना रहना पड़े, किंतु प्रतीत होता है हमारे देश के भ्रष्ट अधिकारी कर्मचारी एवं नेता उनकी आशा अपेक्षाओं ,उनकी परिकल्पनाओ उनकी कल्याणकारी योजनाओं को पतिला लगाने में जरा संकोच नहीं कर रहे हैं, इसका ताजा उदाहरण सिवनी जिले के अंतर्गत आने वाली जनपद पंचायत केवलारी से सामने आ रहा है जहां पर इन दिनों भ्रष्टाचार की सुनामी ने तांडव मचाके रखा है तो इसमें कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी। आपको बता दे कि विगत एक सप्ताह पूर्व ही हिन्द शिला के संपादक श्री संजीत सिंह बघेल जी द्वारा जनपद पंचायत केवलारी के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बाजारखापा के ग्राम कुचीवाड़ा में प्रधानमंत्री आवास योजना में चल रहे घोटाला एवं भ्रष्टाचार का खुलासा किया था । भ्रष्टाचार का खुलासा एवं मय प्रमाण सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज करने के बावजूद भी जनपद पंचायत केवलारी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा आज दिनांक तक संबंधित ग्राम पंचायत पर कार्रवाई करने की तो बहुत दूर की बात है कारण बताओ नोटिस तक जारी नहीं किया गया है, जिससे प्रतीत होता है कि केवलारी के जनपद सीईओ लापरवाह एवं शासकीय पोर्टल पर भ्रामक जानकारी देकर हितग्राही को फर्जी भुगतान करने वाले पंचायत कर्मियों को संरक्षण देने का कार्य कर रहे हैं । इसके साथ ही अपने आप को ईमानदार, कर्तव्यनिष्ट कहने वाले भाजपा के जनपद अध्यक्ष ठाकुर रणजीत सिंह भी इस मामले पर चुप्पी सादे हुए जिससे उनकी कार्यप्रणाली पर भी अनेक सवाल खड़े हो रहे हैं ।
आपको बता दें कि मामला सार्वजानिक होने के बाद संबंधित ग्राम पंचायत के कर्मचारियों एवं जनपद पंचायत केवलारी के अधिकारियों उक्त दोनों अपूर्ण आवास को, पूर्ण करने के लिए प्रयासरत नजर आ रहे हैं ।
क्या है मामला
रघुवीर विश्वकर्मा पिता भोपाली विश्वकर्मा एवं भोपाली पिता रंगू विश्वकर्मा निवासी ग्राम कूचीवाड़ा ग्राम पंचायत बाजारखापा जनपद पंचायत केवलारी से एक मामला सामने आ रहा है जहां पर प्रधानमंत्री आवास योजना के दो मकान अपूर्ण होने के बावजूद अधिकारी कर्मचारियों की मिली भगत ने उन मकानों को पूर्ण बताकर हितग्राहियों को राशि का पूर्ण स्थानांतरण कर दिया गया है ! एवं फर्जी ढंग से पूर्ण मकान की फोटो पोर्टल में अपलोड कर वरिष्ठ अधिकारियों को भी गुमराह किया गया है । जबकि आज भी दोनों मकानो का निर्माण कार्य आधा अधूरा पड़ा हुआ है । उक्त दोनों ही मकानो पर छत तक नहीं डाली गई है । यहां पर उल्लेख करना आवश्यक होगा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माण हो रहे मकान के लिए शासन के द्वारा स्पष्ट निर्देश है कि हितग्राही को चार किस्तों में राशि का भुगतान करना होता है । उसी के परिपालन में दोनों ही हितग्राही को पहली किश्त की राशि दिनांक 16/112021 को 25000/रुपए, दूसरी किश्त की राशि दिनांक 18/01/2022 को 45000/रुपए एवं तीसरी किश्त राशि दिनांक 06/06/2022 को 45000/रुपए एवं चौथी और अंतिम किश्त की राशि मकान का पूर्ण निर्माण होने के उपरांत किया जाता है , जो की दिनांक 25/01/2023 कोई हितग्राहियों के खाते में राशि का स्थानांतरण कर दिया गया जबकि मकान आज भी आधे अधूरा पड़े हैं ।



