एक वर्ष पूर्व ही अधूरे मकानों को पूर्ण दिखाकर , हितग्राहियों को हुआ फर्जी भुगतान
केवलारी (हिन्द शिला)। प्रधानमंत्री आवास योजना हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की एक ऐसी परिकल्पना है, जिसमें देश के प्रत्येक शोषित, पीड़ित, वंचित हर वर्ग का व्यक्ति गर्व से पक्की छत के नीचे अपना जीवन यापन कर सके, उसे किसी भी परिस्थिति में किसी अन्य पर आश्रित ना रहना पड़े, किंतु प्रतीत होता है हमारे देश के भ्रष्ट अधिकारी कर्मचारी एवं नेता उनकी आशा अपेक्षाओं ,उनकी परिकल्पनाओ उनकी कल्याणकारी योजनाओं को पतिला लगाने में जरा संकोच नहीं कर रहे हैं, इसका ताजा उदाहरण सिवनी जिले के अंतर्गत आने वाली जनपद पंचायत केवलारी से सामने आ रहा है जहां पर इन दिनों भ्रष्टाचार की सुनामी ने तांडव मचाके रखा है तो इसमें कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी। आपको बता दे कि रघुवीर विश्वकर्मा पिता भोपाली विश्वकर्मा एवं भोपाली पिता रंगू विश्वकर्मा निवासी ग्राम कूचीवाड़ा ग्राम पंचायत बाजारखापा जनपद पंचायत केवलारी से एक मामला सामने आ रहा है जहां पर प्रधानमंत्री आवास योजना के दो मकान अपूर्ण होने के बावजूद अधिकारी कर्मचारियों की मिली भगत ने उन मकानों को पूर्ण बताकर हितग्राहियों को राशि का पूर्ण स्थानांतरण कर दिया गया है ! एवं फर्जी ढंग से पूर्ण मकान की फोटो पोर्टल में अपलोड कर वरिष्ठ अधिकारियों को भी गुमराह किया गया है । जबकि आज भी दोनों मकानो का निर्माण कार्य आधा अधूरा पड़ा हुआ है । उक्त दोनों ही मकानो पर छत तक नहीं डाली गई है । यहां पर उल्लेख करना आवश्यक होगा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माण हो रहे मकान के लिए शासन के द्वारा स्पष्ट निर्देश है कि हितग्राही को चार किस्तों में राशि का भुगतान करना होता है । उसी के परिपालन में दोनों ही हितग्राही को पहली किश्त की राशि दिनांक 16/112021 को 25000/रुपए, दूसरी किश्त की राशि दिनांक 18/01/2022 को 45000/रुपए एवं तीसरी किश्त राशि दिनांक 06/06/2022 को 45000/रुपए एवं चौथी और अंतिम किश्त की राशि मकान का पूर्ण निर्माण होने के उपरांत किया जाता है , जो की दिनांक 25/01/2023 को ही 15000/रुपयों की राशि दोनों हितग्राहियों के अलग अलग खाते में स्थानांतरण कर दिया गया जबकि दोनों मकान आज भी आधे अधूरा पड़े हैं ।
आपको बता दे कि यह भ्रष्टाचार या अनियमित केवल एक ग्राम पंचायत और दो मकान की नहीं ,बल्कि वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में यदि निष्पक्ष जांच की जाए तो जनपद पंचायत केवलारी में ऐसे सैकड़ो मकान मिल सकते हैं जिनका निर्माण कार्य आधा अधूरा है एवं कागज में वह पूरे हो गए हैं ! यहां पर उल्लेख करना आवश्यक है कि प्रधानमंत्री आवास योजना में जनपद पंचायत केवलारी को जिले की सर्वश्रेष्ठ जनपद पंचायत का आवर्ड भी प्राप्त है। एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर अधिकारी आर. के.विश्वकर्मा है । जिन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर स्वतंत्र एवं गणतंत्र दिवस के उपलक्ष पर अनेकों बार प्रशस्ति पत्र प्राप्त हो चुका है । प्राप्त जानकारी अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर अधिकारी आर.के. विश्वकर्मा का स्थानांतरण दिनांक 24/07/2023 को ही सिवनी जिला के अंतर्गत आने वाली लखनादौन जनपद पंचायत हो चुका है । इसके बावजूद भी वह केवलारी जनपद पंचायत केवलारी में ही कार्यभार संभाल रहे हैं। और वरिष्ठ अधिकारी मौन धारण किए हुए हैं ।


