नगर परिषद केवलारी में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं विधायक प्रतिनिधि की तानाशाही के खिलाफ पार्षदों ने खोला मोर्चा
केवलारी (हिन्द शिला)। मामला सिवनी जिले के अंतर्गत आने वाली नगर परिषद केवलारी का है जहां व्याप्त भ्रष्टाचार एवं भाजपा विधायक प्रतिनिधि एवं अध्यक्ष पति देवी सिंह बघेल की तानाशाही के खिलाफ अनेक पार्षदों ने मोर्चा खोल दिया है ! नगर परिषद केवलारी खिलाफ उग्र तेवर अपनाने वाले पार्षदों में भाजपा से अधिकृत पार्षद भी सामिल है, वार्ड नंबर 8 से स्वराज सिंह बघेल एवं वार्ड नंबर 12 से नीरज रानू ठाकुर , वार्ड नंबर 11 से श्रीमती अनुसूया सुरेंद्र साहू भी नगर परिषद के खिलाफ हुंकार भर रहे हैं । इसके आलावा वार्ड नंबर 05 से राममिलन कुर्वेति, वार्ड नंबर 3 मिथिलेश के तेकाम , वार्ड नंबर 07 से राजकुमारी उइके, वार्ड नंबर 4 से सेवक साहू भी परिषद के खिलाफ लामबंद नजर आ रहे हैं। पार्षदों का आरोप है कि नगर परिषद केवलारी में निर्वाचन के लगभग 1 वर्ष से अधिक का समय हो गया किंतु किसी वार्ड में भी निमार्ण कार्य नहीं किया जा रहा है, जनता बेहद परेशान है। नगर परिषद कार्यालय में अध्यक्ष पति एवं विधायक प्रतिनिधि का तानाशाही रवैया चलता है । परिषद क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में लोग मूलभूत आवश्यकताओं जैसे नाली, सड़क, बिजली, पेय जल इत्यादि के लिए तरस रहे हैं । नगर परिषद कार्यालय में भ्रष्टाचार चरम पर है, पार्षदों द्वारा आय व्यय का लेखा जोखन मांगने पर भी संबंधित अधिकारियों द्वारा किसी प्रकार की जानकारी नहीं दी जा रही है। इन्हीं सभी अनेक समस्याओं को लेकर आज दिनांक 12/09/2023 को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) केवलारी को ज्ञापन सौंपा है जिसमें उल्लेख किया गया है कि दिनांक 22/09/2023 दिन शुक्रवार को दोपहर 02 बजे अवंतीबाई चौक (चांदनी चौक) पर नगर परिषद के पार्षदों एवं आम नागरिको के द्वारा धरना प्रदर्शन कर कार्यालय नगर परिषद केवलारी का घेराव किया जाएगा। आपको बता दें कि ज्ञापन में यह उल्लेख किया गया है कि नगर परिषद केवलारी में चल रहे भ्रष्टाचार एवं अध्यक्ष पति / भाजपा विधायक प्रतिनिध देवीसिंह बघेल द्वारा चल रही तानाशाही एवं नगर परिषद पर विकास कार्य अवरूद्ध हो रहें हैं। पार्षदों द्वारा एवं पत्रकारों द्वारा आय व्यय से संबंधित जानकारी मांगे जानें पर उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। क्षैत्र की आम जनता बेहद परेशान हैं।



