विभागीय अधिकारियों को नहीं है ज्ञात, किसने निर्माण करवाया है अवैध गति अवरोधक ?
केवलारी (हिन्द शिला)। शासन के निर्देश के बावजूद केवलारी ज़िला सिवनी में सुरक्षित यातायात के लिए संबंधित अधिकारियों द्वारा इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है। केवलारी में सैंट नॉरबर्ट स्कूल के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग 11A पर 4 गति अवरोधको का निर्माण कर दिया गया है , गति अवरोधक के निर्माण के उपरांत सड़क के किनारे संकेतिक बोर्ड भी नहीं लगाए गए हैं जिससे बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है। ताज्जुब की बात है कि मुख्य मार्ग पर नियम विरुद्ध गति अवरोधको के निर्माण के संबंध में संबंधित एमपीआरडीसी के अधिकारियों को कोई जानकारी नहीं है ! कि आखिर उक्त विद्यालय के समीप इन गति अवरोधको का किसने एवं किसके आदेशों से निर्माण करवाया गया है? इसके वावजूद इसको लेकर जिम्मेदार अधिकारियों ने आंखे मूंद रखी हैं।
सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को होती है। मोटरसाइकिल सवार लोग अक्सर चकमा खा जाते हैं। जिसकी वजह से मोटरसाइकिल असंतुलित हो जाती है। कई बार पीछे बैठा व्यक्ति और महिला भी हादसे का शिकार हो जाती है।
ब्रेकर से दो पहिया वाहन निकलने के दौरान अनियंत्रित भी हो रहे हैं। शुक्रवार को मुख्य मार्ग पर निर्माण अवैध गति अवरोधक की वजह से दोपहिया वाहन निकलने के दौरान बुजुर्ग महिला गिरकर घायल हो गई। इसके पहले भी इस ब्रेकर पर दुर्घटनाएं हो चुकी है। लगातार हो रही दुर्घटना को देखते हुए जागरूक युवाओं ने मुख्य मार्ग पर बने ऊंचे ब्रेकर को हटाने की मांग की है।
नियम के मुताबिक स्पीड ब्रेकर लगाने से पहले ड्राइवर को सचेत करने के लिए 50 से 80 मीटर पहले चेतावनी/संकेतिक बोर्ड लगाना आवश्यक है। नियमानुसार इस पर पेंट के साथ थर्मो प्लास्टिक बार मार्किंग होना जरूरी है। किंतु यहां किसी भी प्रकार की संकेतिक बोर्ड नहीं लगाए गए ।
इंडियन रोड कांग्रेस (आइआरसी) के नियमों के मुताबिक, किसी भी सड़क पर स्पीड ब्रेकर के निर्माण से पहले वहां ट्रैफिक का सर्वे किया जाता है। सर्वे के आधार पर यह जानकारी जुटाई जाती है कि जहां स्पीड ब्रेकर बनाए जाते हैं वहां ट्रैफिक का प्रेशर कितना है। उसके आधार पर निर्माण की तकनीक, मोटाई, मैटेरियल के मापदंड तय होते हैं।
अब देखना वेहद दिलचस्प होगा कि मामला सर्वजनिक होने के बाद कुंभकरणी नींद पर सो रहे जिम्मेदार अधिकारियों की नींद पर खलल पड़ता है या कोई बड़े हादसा के बाद एक दूसरे पर दोषारोपण किया जाएगा यह तो समय की गर्त में छिपा है ।
इनका कहना है
केवलारी में विभाग द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग 11A पर कहीं भी गति अवरोधक का निर्माण नहीं कराया गया है ।
सुधीर जैन ए. जी.एम. एमपीआरडीसी छिंदवाड़ा ।



