कार्यक्रम में दिखी भाजपा की खुलेआम गुटबाजी ! विधायक के साथ साथ केवलारी मंडल के भी अनेक पदाधिकारी रहे नदारद ।
कार्यक्रम में भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार हुए थे शामिल ।
विधायक राकेश पाल पर भाजपा के वरिष्ठ एवं निष्ठावान कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का लग रहा आरोप ।
कार्यक्रम में उपस्थित ना होकर अपनी ही विधानसभा के अन्य ग्रामों में कार्यकर्ताओ सहित जनसंपर्क करते दिखे भाजपा विधायक राकेश पाल।
विधायक राकेश पाल के खिलाफ भारी जनाक्रोश को देखते हुए, पार्टी वैभव पवार पर खेल सकती है दाव ?
केवलारी (हिन्द शिला)। केवलारी विधानसभा मुख्यालय में विगत 11 मई को भारतीय जनता युवा मोर्चा का युवा चौपाल कार्यक्रम आयोजित हुआ था जों की अब चर्चा का विषय बना हुआ हैं। लोगों का कहना है की उक्त कार्यक्रम में भाजपा नेताओ की गुटबाजी खुलेआम समाने आई है। आपको बता दें की भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा के निर्देशन में युवा मोर्चा द्वारा पूरे प्रदेश में जगह जगह युवा चौपाल का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विशेष रूप से नए मतदाताओं को जोड़ने का अभियान चलाया जा रहा है एवं युवाओं को प्रदेश की शिवराज सरकार की उपलब्धियां बताई जा रही है । इसी कड़ी में दिनांक 11/05/2023 को सिवनी जिले के अंतर्गत आने वाली नगर परिषद केवलारी मुख्यालय में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष युवराज सिंह, युवा मोर्चा प्रभारी और भाजपा जिला महामंत्री जयदीप सिंह चौहान आदि अनेक नेताओ ने युवा चौपाल कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी। किंतु केवलारी विधानसभा से भाजपा विधायक राकेश पाल एवं केवलारी मंडल के अनेक पदाधिकारी गण उक्त कार्यक्रम से नदारद दिखे ।
अब उक्त कार्यक्रम क्षैत्र में जनचर्चा का विषय बना हुआ है कि आख़िर क्यों पूरे कार्यक्रम के दौरान भाजपा के अनेक स्थानीय नेताओं सहित भाजपा विधायक राकेश पाल सिंह ने दूरी बनाई ? आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा संगठन युवा मोर्चा के जरिए नव मतदाता युवाओं को पार्टी की रीति नीति से अवगत करा अपनी तरफ आकर्षित करने की जुगत में लगा हुआ है। आने वाले विधान सभा चुनाव में एंटी इनकंबेंसी से जूझ रही भाजपाकी शिवराज सरकार को पुनः सत्ता में लाने का भरपूर प्रयास किया जा रहा है ।
भारतीय जनता युवा मोर्चा पूरे प्रदेश में युवा चौपाल कार्यक्रम आयोजित कर रहा है जिसमें मोर्चा के पदाधिकारी, नेता युवा चौपाल कार्यक्रम के दौरान सीधे युवाओं से विशेषकर नव मतदाताओं के बीच पहुंचकर अपनी सरकार योजनाओं युवाओं को अवगत करा रहे हैं संगठन की रीति नीति और विचारधारा से जोड़ने के लिए अभियान चला रहे हैं। युवा मोर्चा इस अभियान में सत्ता और संगठन से जुड़े सभी जिम्मेदारों की सहभागिता और उपस्थिति सुनिश्चित की जा रहे हैं ताकि आगामी विधानसभा चुनावों में युवा वर्ग का मत भाजपा को मिल सके।
युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार इन दिनों सिवनी जिले के प्रवास पर हैं और युवा चौपाल के कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं। सिवनी जिला की लगभग सभी पंचायतों ,वार्डों में युवा चौपाल कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है जिसमें वैभव पवार लगभग सभी कार्यक्रमों में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं इसी तारतम्य में 11 मई को मुख्यालय पहुंचे एवं युवा चौपाल कार्यक्रम में हिस्सा लिया लेकिन यह युवा चौपाल कार्यक्रम अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
दरअसल इस कार्यक्रम के दौरान भाजपा विधायक राकेश पाल सिंह और स्थानीय भाजपा के अनेक नेताओं ने दूरी बनाएं और सिर्फ युवा मोर्चा के चंद नेता एवं कार्यकर्ता ही उपस्थित नजर आए। आश्चर्य की बात यह है कि विधायक राकेश पाल सिंह और स्थानीय भाजपा नेता कुछ ही किलोमीटर की दूरी पर अन्य ग्रामों में जनसंपर्क एवं अन्य कार्यक्रमों में शामिल होते दिखे ! जिसकी बकायदा सोशल मीडिया पर फोटो वायरल की गई है। केवलारी क्षेत्र चर्चाओं का माहौल गर्म है कि केवलारी विधायक राकेश पाल के खिलाफ विधानसभा की जनता में भारी आक्रोश को देखते हुए, लगातार उनकी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों प्राप्त हो रही शिकायतों के मद्देनजर भाजपा आलाकमान भविष्य में केवलारी विधानसभा से युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार पर दांव खेल सकती है । कयास लगाए जा रहे हैं कि इसी वजह से भाजपा विधायक राकेश पाल एवं उनके अनेक समर्थकों द्वारा उक्त कार्यक्रम से दूरी बनाई गई एवं कार्यक्रम को फेल करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी गई ।
दो अंको की भीड़ में सिमटा कार्यक्रम
इन दिनों भाजपा विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी का तमगा लेकर घूम रही है, वही सिवनी जिले के अंतर्गत आने वाली नगर परिषद केवलारी मुख्यालय में युवा चौपाल कार्यक्रम में जहां पर युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पावर के साथ अनेक भाजपा नेताओं ने कार्यक्रम में शिरकत किया था ,किंतु उक्त कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए लगभग 50 व्यक्ति ही मौजूद रहे होंगे, बताया जाता है कि अन्य व्यक्ति एवं कार्यकर्ताओ को कार्यक्रम फेल करने के उद्देश्य से विधायक राकेश पाल द्वारा अपने निजी दौरे में लेजा लिया गया था ।
केवलारी विधानसभा में राकेश पाल के खिलाफ है भारी आक्रोश
बताया जाता है कि केवलारी विधानसभा से भाजपा विधायक राकेश पाल उनकी कार्यप्रणाली के चलते बेहद विवादित हैं, एवं उन पर भाजपा के वरिष्ठ एवं निष्ठावान कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का भी आरोप अनेक भाजपा के पूर्व एवं वर्तमान पदाधिकारियों द्वारा लगाया जा रहा है एवं लगातार उनकी शिकायत संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों से दर्ज करवाई जा रही । क्षेत्र की आम जनता में भी उनके खिलाफ अच्छा खासा आक्रोश देखा जा सकता है । दावा किया जा रहा है कि यदि भाजपा ने पुनः वर्तमान विधायक राकेश पाल के चेहरे पर दाव खेला तो उसे करारी हार का सामना करना पड़ सकता है, जबकि आने वाले विधानसभा चुनाव में एक एक सीट बेहद मायने रखने वाली है, पिछले विधानसभा चुनाव की तरह आने वाले विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस मध्यप्रदेश में कड़ी टक्कर देने का अनुमान जताया जा रहा है। इसी वजह से सूत्रों की माने तो पार्टी आलाकमान तमाम परिस्थितियों का आकलन कर केवलारी विधान सभा से किसी अन्य व्यक्ति पर अपना दांव खेल सकती है ।


